छत्तीसगढ़ से ब्युरो रिपोर्ट रोशन कुमार सोनी

धमतरी, 02 फरवरी 2022/ कलेक्टर श्री पी एस एल्मा ने आज जिले के ग्राम छाती, बगौद और चटौद में स्थित मल्टी युटिलिटी सेंटर का दौरा कर समूह की महिलाओं के द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने यहां कार्यरत महिलाओं द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों को वर्तमान परिवेश में व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा योग्य तथा साधन सम्पन्न बनाने के लिए चटौद के मल्टी युटिलिटी सेंटर को बिहान मार्ट के तौर पर विकसित करने के निर्देश दिए। 
        कलेक्टर ने कहा कि इसके पहले चरण में कुरूद विकासखंड के ग्राम चटौद में निर्मित डोम को मॉडल के तौर पर विकसित किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार की उत्कृष्ट व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित कर विस्तारित किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी बाजार के वर्तमान परिवेश में चटौद डोम को कॉर्पोरेट के अनुरूप बनाने वहां पर बिहान मार्ट की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा वहां पर दाल मिल की स्थापना, सब्जी बाड़ी का आधुनिक तकनीकी से विकास, कैंटीन संचालन और मसाला उद्योग इकाई एवं प्रसंस्करण सहित विभिन्न प्रकार की नवाचारी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा, जिससे महिलाएं समूह से जुड़कर न सिर्फ स्वावलंबी बने, बल्कि उन्हें आय का ठोस और स्थाई स्रोत का बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सके। कलेक्टर ने स्पष्ट करते हुए कहा कि समूह द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों को वर्तमान बाजार की मांग के अनुकूल बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 
       इस दौरान कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से मिलकर उन्हें और अधिक आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में आगे बढ़ाने जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई कार्ययोजना के बारे में बताया। इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्राम छाती, बगौद और चटौद के मल्टी युटिलिटी सेंटर में वर्तमान में संचालित कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चटौद के बाद क्रमशः नारी, बगौद में भी इन गतिविधियों को विस्तारित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक बेहतर ढंग से स्वावलंबी बनाया जा सके और समूह की दीदियों को मूल्य श्रृंखला से जोड़कर समूहों को अधिकाधिक लाभ दिलाया जा सके। इस दौरान संबंधित अधिकारी तथा मैदानी कर्मचारीगण उपास्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES